लातेहार:सदर थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ कैंप के नजदीक मंगलवार को कार और बाइक की जोरदार टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तुरंत लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान पवन यादव के रूप में हुई है। वह सकेन्द्र यादव का पुत्र था और ग्राम बोडा (सवानो), थाना लातेहार का रहने वाला था। वहीं घायल युवक मुकेश यादव है, जो सुरेन्द्र यादव का पुत्र और कढ़िमा निवासी है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर रांची से लातेहार आते समय पूर्व शिक्षा मंत्री सह झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष बैद्धनाथ राम भी सीआरपीएफ कैंप के पास रुके और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने हादसे पर गहरा शोक जताया और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *