
रांची । झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में गुरुवार की सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है. इस मुठभेड़ में 1 करोड़ के इनामी नक्सली समेत 15 नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है. 1 करोड़ के इनामी नक्सली का नाम अनल दा है. डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि यह घटना छोटानागरा थाना क्षेत्र में हुई है. पुलिस की ओर से मिल जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ और झारखंड पुलिस के सीनियर अफसरों को सारंडा के जंगली इलाकों में नक्सलियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी. इसी इनपुट के आधार पर कोबरा झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की ज्वाइंट टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. सुरक्षाबल जैसे ही उनके करीब पहुंचे, तो खुद को घिरा देख नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला. बताया जा रहा है कि यह मुठभेड़ काफी देर तक चली. सुरक्षाबलों को भारी पड़ता देख कुछ नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. सुरक्षाबलों की ओर से इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में कई बड़े नक्सली सक्रिय हैं. इसमें माओवादी संगठन के टॉप लीडर मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु और अनल शामिल हैं. इसके अलावा असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ इस इलाके में भ्रमणशील हैं. इसको लेकर सुरक्षाबल और पुलिस लगातार अभियान चला रही है।


