
गोड्डा । झारखंड के गोड्डा जिले में सूत्रों के अनुसार एक मवेशी चोर की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी. जिसका शव शुक्रवार (9 जनवरी) की सुबह खेत में मिला जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लग गई. आनन-फानन में इस घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. गोड्डा के बहियार के पास 40 साल के पप्पू अंसारी का शव पुलिस को मिला है. लोगों का कहना है कि पप्पू मवेशी चोरी करते हुए पकड़ा गया था. चोरी करने की वजह से लोगों ने उसकी हत्या कर दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ ग्रामीणों ने उसे डंडों से इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि पप्पू अंसारी अपने तीन सहयोगियों के साथ वहां मवेशी चोरी करने पहुंचा था. मगर उसी वक्त कुछ लोगों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसके तीन सहयोगी बचकर फरार हो गए. पुलिस के अनुसार पप्पू आपराधिक प्रवृत्ति का इंसान था उस पर कई धाराओं में केस दर्ज है. इस मामले को लेकर पुलिस जानकारी जुटाने में लग गई है. हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है. साथ ही अन्य साथियों की भी तलाश के लिए पुलिस प्रयासरत है. पुलिस ने अभी तक मॉब लिंचिंग से जुड़े मामले पर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस के अनुसार पप्पू अंसारी एक अपराधी है. उसके खिलाफ अलग-अलग केस पहले से ही दर्ज हैं. हालांकि पुलिस उस पर हमला करने वाले लोगों की तलाश में जुटी है. पुलिस द्वारा हमलावरों की तलाश में कई जगह छापेमारी की जा रही है. घटना पर पुलिस ने दावा किया है कि जल्द से जल्द हमलावरों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।


