
बंशीधर नगर:-भवनाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केतार मुख्य पथ पर स्थित आसना बांध यात्री शेड में अहले सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।सूचना मिलने पर भवनाथपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया जांच में युवक की कनपटी में गोली लगने के स्पष्ट निशान पाए गए हैं, जिससे उसकी गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि युवक ओझा-गुणी का कार्य करता हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।घटनास्थल से पुलिस ने अंग्रेजी शराब की एक बोतल, एक ग्लास तथा चावल बरामद किया है। जिससे मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।थाना प्रभारी रजनी रंजन ने बताया कि युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। उसकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।


