दुमका । झारखंड के दुमका जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। शिकारीपाड़ा थाना में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर हेमंत भगत की बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे में एक अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया है।जानकारी के अनुसार, शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में गिट्टी लदे दो ट्रकों की आपस में टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में दोनों ट्रकों के चालक और सह-चालक समेत कुल चार लोग घायल हो गए थे। हादसे की सूचना मिलते ही एसआई हेमंत भगत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए शिकारीपाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। ट्रकों की टक्कर के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद एसआई हेमंत भगत दोबारा घटनास्थल पर लौटे और यातायात व्यवस्था बहाल करने में जुट गए। इस दौरान उनके साथ कांस्टेबल देवकी प्रजापति भी मौजूद थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर दोनों पुलिसकर्मियों को कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि एसआई हेमंत भगत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कांस्टेबल देवकी प्रजापति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए फूलोझानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर है। हादसे के बाद आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *