
चित्रदुर्ग । कर्नाटक के चित्रदुर्ग से क्रिसमस की सुबह बड़ा हादसा हो गया। गुरुवार तड़के चित्रदुर्ग जिले में नेशनल हाईवे-48 (NH-48) पर स्लीपर बस की टक्कर ट्रक से हो गई। दोनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि स्लीपर बस में आग लग गई और कम से कम 10 लोग जिंदा जल गए। सोशल मीडिया पर आग लगने के बाद का वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में बस बुरी तरह से जलती हुई दिख रही है। आग की लपटों से घिरी बस का वीडियो देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भीषण होगा। अब आग को शांत कर लिया गया है। सुबह के वक्त का भी एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है बस पूरी तरह से जल गई है और ट्रक के आगे का हिस्सा भी बुरी तरह से क्षत्रिग्रस्त हो गया है। आग का गोला बनी बस बेंगलुरु से शिवमोग्गा जा रही थी। इस दौरान सभी यात्री सो रह थे कि तभी सुबह 3 बजे के करीब दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक ने डिवाइडर पार करके बस में टक्कर मार दी। दोनों की टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद बस में आग तेजी से फैल गई और यात्री बाहर निकलने का मौका भी नहीं पा सके। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। जली हुई बस को हाईवे से हटाने का काम जारी है।


