
धनबाद । एक ट्रैक्टर चालक ने मामूली विवाद में बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मामला कतरास थाना क्षेत्र का है. यहां कांको मूसा पहाड़ी पुल पर राजगंज महुदा एनएच 32 के पास रॉन्ग साइड से अवैध बालू लेकर आ रहे ट्रैक्टर चालक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी. बाइक सवार ने जब इसका विरोध किया तो बाप-बेटी पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया, जिसमें बाइक सवार महावीर महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मृतक की बेटी बाल बाल बच गई. घटना से बेटी सदमे में हैं. प्रत्यक्षदर्शियों और मृतक की बेटी के अनुसार, महावीर महतो अपनी बेटी के साथ बाइक से जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर अवैध बालू से लदे ट्रैक्टर चालक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद के बाद ट्रैक्टर चालक ने जानबूझकर बाइक सवार को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया. वहीं घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया. गुस्साए लोगों ने राजगंज-महुदा एनएच 32 जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई. प्रदर्शनकारियों ने अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने की मांग की है. घटना की सूचना मिलते ही कतरास थाना, तेतुलमारी थाना, बाघमारा और बरोरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है।


