
बारियातू : प्रखंड क्षेत्र के डाढ़ा पंचायत अंतर्गत ग्राम डाढा कटई टोला में मंगलवार की अर्धरात्रि झुंड से बिछड़े एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचाते हुए दो मजदूर किसान परिवारों को भारी नुकसान पहुंचाया . टोला निवासी मसोमात कोशिला देवी, पति स्व. हरिनंदन यादव का मिट्टी खपरैल का घर को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया । घर में रखा लगभग चार क्विंटल मक्का और सात बोरा धान हाथी ने खाकर एवं रौंदकर पूरी तरह नष्ट कर दिया। इसके बाद हाथी ने रामपति उरांव के खलिहान में रखे करीब दस क्विंटल धान को भी खाकर और रौंदकर बर्बाद कर दिया। पीड़िता मसोमात ने बताया कि मंगलवार की रात वे अपने नाबालिग बच्चों के साथ सो रही थीं, तभीअचानक अकेला हाथी आ धमका व मकान सहित घरेलू समान को बुरी तरह क्षतिगस्त कर दिया। अब घर भी रहने लायक नहीं बचा है। कड़ाके की ठंड में उनके परिवार के पास सिर छुपाने के लिए कोई सुरक्षित आश्रय नहीं है। दोनों प्रभावित मजदूर किसान परिवारों ने संबंधित विभाग और लातेहार उपायुक्त से तत्काल आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही बुधवार को जिप सदस्य रमेश राम, पूर्व पंसस आनंद राज, समाजसेवी नंदू उरांव, अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी, अंचल नाजिर कपिल देव सिंह और वनपाल मंगल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और क्षति का जायजा लिया। अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी ने पीड़ित मसोमात को तत्काल राहत के तौर पर 30 किलो चावल एवं ठंड से बचाव हेतु कंबल उपलब्ध कराया और आश्वासन दिया कि सरकारी प्रावधानों के तहत हर संभव सहायता दी जायेगी। वहीं पूर्व पंसस आनंद राज ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया। वनपाल मंगल सिंह ने मुआवजा से संबंधित आवेदन प्रपत्र भी पीड़िता को उपलब्ध कराया है.
डाढ़ा कटई टोला में हाथियों के उत्पात से पहले भी हुआ है भारी नुकसान

बताते चले कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों का उत्पात जारी है,और कटई टोला का जंगली क्षेत्र हाथियों का बसेरा बना हुआ हैं.इस वर्ष ही 13 अक्टूबर को कटई टोला निवासी 70 वर्षीय बुद्धू उराँव को बुचीडाड़ी में जंगली हाथी ने कुचल कर मार डाला था 6 दिसंबर को साम में ही अरविन्द उराँव पिता स्व0 विफा उराँव का खलिहान में रखा 19 बोरा धान खा गया था एवं सधन उराँव, विजय उरांव. खदिया उराँव तीनो पिता स्व0 केसवा के खलिहान में रखा लगभग दो सौ बोझा धान को नष्ट कर दिया था.वही 12 दिसंबर को उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के दो खिड़कियों को तोड़कर क्षतिग्रस्त किया.बिते वर्ष डाढा हनुमान चौकी निवासी करमा उराँव का एक सुअर व बैल को कुचल कर मार डाला था. डाढा, कटई टोला में लगातार हाथियों के आवागमन व उत्पात से ग्रामीणों में भय व दहसत बना हुआ हैं .पिडि़त परिवारों व ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र मुआवजा भुगतान, क्षेत्र में हाथीयों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने व स्थायी समाधान करने की मांग की है।

