मोनू गोलू व दीपक का हुआ नामांकन

हैदरनगर,(पलामू): रेलवे स्टेशन के समीप झुग्गी लगा कर रहने वाले भंगी परिवार के बच्चों का आज तक। किसी विद्यालय में नामांकन नहीं कराया जा सका था। पूर्वजों की तरह बच्चे भी निरक्षर हैं। शनिवार को समाजसेवी प्रेमतोष सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के प्रयास से इन परिवारों के तीन बच्चों मोनू कुमार, गोलू कुमार एवं दीपक कुमार का नामांकन मध्य विद्यालय हैदरनगर बाजार में कराया गया। प्रेमतोष सिंह ने चार पहिया वाहन से बच्चों को स्कूल तक लाने का काम किया। नामांकन होने से बच्चे काफी खुश दिखे। शिक्षा विभाग के सीआरपी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि तीन दलित बच्चों का नामांकन करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार उन्हें सरकार द्वारा मिल रही सभी सुविधाओं का लाभ दिया जाएगा। प्रमोद सिंह ने कहा कि इस तरह अन्य किसी गांव में भी बच्चे शिक्षा से वंचित है,तो उन्हें गांव के प्रबुद्ध लोग विद्यालय पहुंचा कर नामांकन कराएं। प्रेमतोष सिंह ने कहा कि वह अन्य गांव में भी पता लगा कर शिक्षा से वंचित बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का प्रयास करेंगे। मौके पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अफरोज अहमद, शिक्षक पूनम कुमारी, मनोज कुमार सिंह, सुनीता कुमारी समेत कई शिक्षक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *