सुबह सात बजे भी सड़कों पर पसरा रहा सन्नाटा, तापमान 10 डिग्री सेल्सियस

हैदरनगर,(पलामू): हैदरनगर व मोहम्मदगंज क्षेत्र में शनिवार की सुबह घने कोहरे की चादर में पूरी तरह लिपटा रहा। सुबह सात बजे तक बाजार, मुख्य सड़कें और ग्रामीण मार्गों पर सामान्य दिनों जैसी चहलकदमी देखने को नहीं मिली। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग ठंड व कोहरे के कारण घरों में ही दुबके रहे। इस दौरान न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। घने कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम रही, जिससे वाहनों की आवाजाही भी बेहद सीमित हो गई। राष्ट्रीय एवं ग्रामीण सड़कों पर चलने वाले वाहन धीमी गति से चलते नजर आए। कई स्थानों पर लोग अलाव का सहारा लेते दिखे गए, जबकि बुजुर्गों और बच्चों पर ठंड का असर अधिक देखने को मिला। कोहरे और ठंड का सीधा असर जनजीवन पर पड़ा है। सुबह के समय खुलने वाली दुकानें देर से खुलीं, वहीं मजदूरों और किसानों को अपने काम पर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्यालय जाने वाले बच्चों की संख्या भी कम देखी गई। कुछ अभिभावकों ने बच्चों को ठंड के कारण घर पर ही रोकना उचित समझा। स्थानीय चिकित्सक डॉ पीएन सिंह के अनुसार लगातार बढ़ रही ठंड और कोहरे के कारण सर्दी-खांसी, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से बुजुर्गों और छोटे बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से सुबह-सुबह घर से बाहर न निकलें। गर्म कपड़े पहनें और कोहरे में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता बरतें। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *