
पटना । बिहार के डिप्टी सीएम सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की जब्त की गई संपत्तियों का इस्तेमाल अब समाज के हित में किया जाएगा. उन्होंने साफ कहा कि इन संपत्तियों पर सरकारी स्कूल खोले जाएंगे, ताकि गरीब और जरूरतमंद बच्चों को सीधा लाभ मिल सके. एक निजी टेलीविजन चैनल के संवाद कार्यक्रम में बोलते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू प्रसाद यादव पंजीकृत अपराधी हैं और चारा घोटाले से जुड़े करीब 950 करोड़ रुपये के मामलों में दोषी ठहराए जा चुके हैं. उन्होंने बताया कि ईडी और सीबीआई पहले ही लालू यादव की कई संपत्तियों को अटैच कर चुकी हैं. गृह मंत्री के अनुसार, पटना चिड़ियाघर के पास स्थित एक बिल्डिंग पिछले करीब 20 वर्षों से बंद पड़ी है, जिस पर ताला लटका हुआ है. यह संपत्ति भी जांच एजेंसियों द्वारा अटैच की गई संपत्तियों में शामिल है. सम्राट चौधरी ने कहा कि ऐसी संपत्तियों को यूं ही बंद नहीं रहने दिया जाएगा. सम्राट चौधरी ने कहा कि जनता के टैक्स और घोटाले के पैसों से बनी प्रॉपर्टी पर ताला लटकना ठीक नहीं है. सरकार उन इमारतों की रंगाई-पुताई कराएगी और वहां सरकारी स्कूल खोले जाएंगे. उनका कहना था कि इससे गरीब परिवारों के बच्चों को पढ़ाई का बेहतर अवसर मिलेगा. चारा घोटाले का जिक्र करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अगर अटैच की गई इमारत में सरकारी स्कूल खुलता है तो इससे जनता को अच्छा लगेगा. उन्होंने यह भी कहा कि इससे संबंधित लोगों को भी संतोष होगा कि संपत्ति का उपयोग जनहित में हो रहा है।


