हैदरनगर (पलामू): रांची से लखनऊ तक के लिए एक नई ट्रेन चलाई जायेगी। यह ट्रेन पलामू के रास्ते अयोध्या होते हुए लखनऊ तक जायेगी। वहीं रांची से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस अब प्रतिदिन सप्ताह में तीन दिन लोहरदगा पलामू होते जबकि चार दिन हजारीबाग कोडरमा होकर चलाने की सहमति रेलमंत्री अश्विनी वैभव ने दी है। दरअसल पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम के नेतृत्व में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, चतरा के सांसद कालीचरण सिंह ने रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की थी। जिसमें रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने रांची से लखनऊ के लिए एक नई ट्रेन एवं राजधानी एक्सप्रेस के फेरा बढ़ाने को लेकर झारखंड के सांसदों को सहमति दे दी है। इस मामले में जरुरी पहल करने का निर्देश भी दिया गया है। इस दौरान कोहरे के कारण रद्द रांची से नई दिल्ली झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस का मामला भी उठाया गया, जिसे फिर से चालू करने की सहमति मिला है। झारखंड से लखनऊ के लिए एक नई ट्रेन की लंबे अरसे से मांग की जा रही है। झारखंड के सांसदों को आश्वासन मिलने के बाद ट्रेन मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। अगले कुछ महीनो में रांची से लखनऊ तक के लिए ट्रेन का परिचालन शुरू होने की उम्मीद जताई गई है। पलामू के सांसद विष्णुदयाल राम ने रेलमंत्री से प्राप्त आश्वासन एवं सहमति की पुष्टि की है। बता दें कि पलामू के इलाके से राजधानी एक्सप्रेस फिलहाल सप्ताह में दो दिन ही चलता है, जो अब यह तीन दिन हो जायेगा। कोहरे के कारण पलामू के इलाके के लिए लाइफ लाइन माने जाने वाली रद्द झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस को फिर से परिचालन चालू करने पर सहमति जताई गई है। वहीं धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो की झारखंड राज्य को रेल सुविधा बढ़ाने के प्रति प्राथमिकता दिए जाने की मांग पर धनबाद से एलटीटी स्पेशल ट्रेन को स्थाई रुप में परिचालन करने के संबध में तीन दिन के भीतर अधिसूचना जारी कराने का आश्वासन रेलमंत्री ने दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *