
देवघर । नगर थाना क्षेत्र के मॉडर्न पब्लिक स्कूल के पास सड़क हादसे में 35 वर्षीय आलोक कुमार की मौत हो गई। आलोक स्कूल का गेट खुलने का इंतजार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार लगभग 150 किलोमीटर प्रति घंटे थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आलोक लगभग 40 फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे में स्कूल का गेट, दीवार और बिजली का पोल भी टूट गया। मृतक के भाई और भाजपा नेता आशुतोष कुमार ने इसे सड़क हादसा मानने से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह एक ‘सोची-समझी साजिश’ है। आशुतोष के अनुसार, कार सवार मैहर गार्डन से पार्टी कर लौट रहे थे और उन्होंने आलोक को अनियंत्रित वाहन से कुचल दिया। घटना के बाद परिवार को धमकाने की भी कोशिश की गई। परिवार ने बताया कि पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज उनके पास मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंपा जाएगा। शव को देवघर सदर अस्पताल भेजा गया, जहां बड़ी संख्या में परिजन और स्थानीय लोग जमा हुए। नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।


