हेरहंज: थाना क्षेत्र के कटांग नदी पर निर्माणाधीन सरकारी पुल कार्य को रोकने और पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूली की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात उग्रवादी लोकेन्द्र यादव उर्फ नवीन जी उर्फ विकास जी उर्फ राकेश जी, पिता निर्मल यादव, ग्राम केकरगढ़ (थाना पांकी, जिला पलामू) को गिरफ्तार कर लिया है।थाना प्रभारी के अनुसार गिरफ्तार उग्रवादी ने मई एवं जून 2025 में पुल निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार से व्हाट्सएप और कॉल के माध्यम से लेवी की मांग की थी। इस मामले में हेरहंज थाना कांड संख्या 26/2025, दिनांक 25.06.2025 के तहत बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं एवं 17 सी.एल.ए. एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में एक अन्य अभियुक्त पहले ही न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को सूचना मिली थी कि पोरसम–सिकिद, मेराल–चाया, जानी–तासु और हेरहंज–बरियातु मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य तथा कोयला व्यवसायियों को भी पीएलएफआई के नाम पर धमकियाँ दी जा रही हैं। इसी आधार पर एसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तकनीकी शाखा लातेहार और 35वीं वाहिनी एसएसबी के सहयोग से 7 दिसंबर 2025 को लोकेन्द्र यादव को उसके गांव से गिरफ्तार किया।गिरफ्तार उग्रवादी का लंबा आपराधिक इतिहास है। वह लातेहार व पलामू जिलों में अपहरण, लूट, लेवी वसूली, हथियार अधिनियम तथा सी.एल.ए. एक्ट के कई मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पांकी, तरहसी, मनातु और हेरहंज थानों में कई गंभीर कांड दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया गया, जिसका उपयोग धमकी देने में किया जाता था।छापामारी दल में थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया, एसआई पारस मणि, एएसआई मिथलेश पासवान, एएसआई प्रमोद यादव, हेरहंज थाना बल, ई समवाय, एफ समवाय सेरनदाग तथा एसएसबी के अधिकारी एवं जवान शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *