
लातेहार : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया।जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा। जन शिकायत निवारण के दौरान उपायुक्त ने सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएँ सुनी एवं अश्वासन दिया कि उनके सभी शिकायतों की जल्द से जल्द जाँच कराते हुए शिकायतों का समाधान किया जाएगा।प्रखंड लातेहार के जालिमखुर्द पंचायत निवासी शिववरर कुमार सिंह द्वारा अपनी पत्नी के प्रसव संबंधी उपचार हेतु सहयोग राशि उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया गया।
आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि वे शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं एवं आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर स्थिति में हैं। उनकी पत्नी सदर अस्पताल, लातेहार में भर्ती हैं तथा रक्त की कमी के कारण चिकित्सकों द्वारा प्रसव ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई है।आर्थिक अभाव के कारण ऑपरेशन एवं आवश्यक दवा-इलाज का व्यय वहन कर पाना उनके लिए संभव नहीं है।आवेदक ने उपायुक्त से अनुरोध किया है कि उन्हें निर्धारित प्रावधानों के तहत सहयोग राशि उपलब्ध कराई जाए, जिससे उनकी पत्नी एवं नवजात के उपचार में सुविधा हो सके।
उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए सिविल सर्जन को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं असहाय परिवारों के लिए सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सहायता योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि किसी भी जरूरतमंद को आर्थिक अभाव के कारण उपचार में बाधा न हो।आज के जन शिकायत निवारण में मुख्य रूप से अवैध रूप से निकासी, भूमि विवाद, जमीन अधिग्रहण के संबंध में आवेदन आये। जन शिकायत में सभी शिकायतकर्ता की समस्याएँ को सुनने के पश्चात उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए , समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करें।उपायुक्त के निर्देशानुसार आमजनों की समस्याओं के समाधान और शिकायत के निष्पादन हेतु जिला, अनुमंडल, प्रखंड स्तरीय के सभी पदाधिकारियों के कार्यालय में प्रत्येक मंगलवार एंव शुक्रवार को जन शिकायत निवारण का आयोजन किया जाता है।


