रांची। रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो बस्ती में सोमवार देर शाम हुई एक गोलीबारी में एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना आपसी विवाद के दौरान हुई बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान अरशद अंसारी (25) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अरशद और आरोपी तौसीफ अंसारी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो तेजी से बढ़ गया। इसी दौरान तौसीफ ने अरशद के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के अनुसार, यह हत्या जमीन विवाद से जुड़ी हो सकती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मुख्य आरोपी तौसीफ अंसारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद सीठियो बस्ती और आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति है। मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों में रोष है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *