पटना । बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को 10वीं बार राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने नीतीश कुमार को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। 74 वर्षीय नीतीश कुमार पहली बार साल 2000 में मुख्यमंत्री बने थे, हालांकि उस समय उनकी सरकार सिर्फ 8 दिन ही चल पाई थी। इसके बाद 2005 से 2014 तक वे लगातार मुख्यमंत्री रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया था, लेकिन कुछ महीनों बाद फिर सत्ता में वापसी की। जनवरी 2024 में उन्होंने एनडीए में वापसी करते हुए 9वीं बार मुख्यमंत्री पद संभाला था और आज 10वीं बार शपथ ली।

सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा बने डिप्टी सीएम

बता दें कि इस मौके पर बीजेपी नेता सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा पिछली सरकार में भी उपमुख्यमंत्री के पद पर ही थे। वहीं, इस मौके पर कई अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली जिनमें विजय चौधरी, बिजेंद्र प्रसाद यादव, श्रवण कुमार, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल और अशोक चौधरी शामिल हैं। इनके अलावा रमा निषाद, श्रेयसी सिंह, लेसी सिंह और जमा खान समेत कई अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद का शपथ लिया। नीतीश कुमार के 10वीं बार सीएम बनने पर उनके बेटे निशांत कुमार ने कहा, ‘मैं अपने पिता को 10वीं बार CM पद की शपथ लेने के लिए बधाई देता हूं। जनता ने हमें उम्मीद से ज्यादा दिया। मैं जनता को धन्यवाद देता हूं और बधाई भी देता हूं।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *