पटना । जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के नवनिर्वाचित 89 विधायकों ने एक बार फिर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया है। बुधवार सुबह सीएम आवास पर जदयू के जीते एलएलए की बैठक में उन्हें नेता चुना गया। राष्ट्रीय जनातंत्रिक गठबंधन (एनडीए) के विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नीतीश कुमार राजभवन जाकर सरकार बनाने का पेश करेंगे। एनडीए को बिहार चुनाव में दो तिहाई से भी ज्यादा बहुमत मिला है। एनडीए के 202 विधायक विधानसभा में लगभग 83 फीसदी सीट पर बैठे नजर आएंगे। नीतीश कुमार गुरुवार को गांधी मैदान में शपथ लेंगे और उनके साथ कल गठबंधन के पांच दलों के लगभग डेढ़ दर्जन मंत्री शपथ ले सकते हैं। विधानसभा में एनडीए गठबंधन के सबसे बड़े दल भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के विधायकों की बैठक भी पार्टी दफ्तर में चल रही है। बीजेपी के 89 एमएलए भी विधायक दल का नेता और उप-नेता चुनेंगे। आम तौर पर विधानमंडल दल का नेता डिप्टी सीएम बनते रहे हैं। पिछली बार सम्राट चौधरी विधानमंडल दल का नेता और विजय कुमार सिन्हा उप-नेता थे। दोनों नीतीश सरकार में डिप्टी सीएम बनाए गए थे, जिसमें सम्राट का कद और प्रभाव ज्यादा था। बीजेपी के नेता चुनने के बाद शाम 3.30 बजे विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें गठबंधन के 5 दलों के 202 विधायक नीतीश को नेता चुनने की औपचारिकता पूरी करेंगे। इसके बाद नीतीश राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *