
विश्रामपुर : विश्रामपुर के नावाडीह कला ओपी क्षेत्र अंतर्गत छिपादोहर खुर्द गांव के कुआं में डूबने से एक नाबालिक की मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने नाबालिक के शव को कुआं से बाहर निकाला.पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिये गढ़वा भेज दिया है.घटना शनिवार देर शाम की बतायी जा रही है.मिली जानकारी के अनुसार रमुना निवासी शिवलाल यादव का दस वर्षीय पुत्र पवन कुमार छिपादोहर खुर्द अपने मामा अनिल यादव यहां रहता था. पवन यादव शाम के समय पास में ही मौजूद एक कुआं में अचानक फिसलकर गिर गया.ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद उसे कुआं से बाहर निकाला.परिजन आनन-फानन में पवन को लक्ष्मी चंद्रवंशी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले गये. जहां डॉक्टरों ने जांचोपरांत उसे मृत घोषित कर दिया.इधर मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.


