
रांची । झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 5 से 11 दिसंबर तक होगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में बुधवार को झारखंड मंत्रालय में हुई कैबिनेट की बैठक में शीतकालीन सत्र आहूत करने सहित कुल 18 प्रस्तावों पर मंजूरी प्रदान की गई. कैबिनेट की बैठक में लिए गये निर्णय की जानकारी देते हुए कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कहा कि नेतरहाट स्कूल के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों को पुरानी पेंशन योजना से आच्छादित करने की स्वीकृति दी गई है. इसके अलावे मंत्रिपरिषद ने पॉलिटेक्निक कॉलेज में संविदा पर नियुक्त 24 शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की सेवा नियमितीकरण की स्वीकृति प्रदान की है. कैबिनेट ने देश में बने तीन नये आपराधिक कानून के तहत ई साक्ष्य और ई समन को राज्य में मान्यता दे दी है. इसके अलावे इंडिया रिजर्व के बटालियन नियुक्ति में शारीरीक दक्षता में संशोधन की स्वीकृति प्रदान की है. इसके तहत 1600 मीटर की दौड़ पुरुषों के लिए 6 मिनट और महिलाओं के लिए 10 मिनट का निर्धारित किया गया है. कैबिनेट ने देसी मांगुर मछली को राज्य का राजकीय मछली घोषित करने की स्वीकृति प्रदान की है. इसके तहत इस मछली को संरक्षित किया जाएगा. कैबिनेट ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए झारखंड राज्य पुलिस रेडियो के लिए नियुक्ति नियमावली में संशोधन की मंजूरी प्रदान की है. वहीं गिरिडीह जमुआ सड़क के लिए राशि की मंजूरी दी गई है. इसके अलावे गारंटी मोचन निधि के संचालन हेतु भारतीय रिजर्व बैंक से जारी अधिसूचना के प्रारूप पर सहमति दी गई. कैबिनेट ने वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अंतर्गत वनरक्षी संवर्ग के स्वीकृत कुल 3883 पदों में से 1315 पदों का प्रत्यर्पण कर प्रधान वनरक्षी के 1315 पदों के सृजन की स्वीकृति हेतु पूर्व में जारी अधिसूचना में संशोधन की स्वीकृति दी है. वहीं राज्य के सभी 24 जिलों के एक-एक मुख्यमंत्री उत्कृष्ठ विद्यालयों में STEM Lab की स्वीकृति दी है. 113.97 करोड़ की अनुमानित परियोजना लागत के साथ पीपीपी मोड पर 4 सितारा श्रेणी के होटल के रूप में होटल बैद्यनाथ विहार, देवघर के निर्माण, संचालन, रख-रखाव और प्रबंधन की स्वीकृति दी गई है.


