गुमला । गुमला के कामडारा-खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ पर पोकला बाजार टांड़ के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बोलेरो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कामडारा सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। कामडारा थानेदार शशिप्रकाश ने बताया कि हादसे के शिकार सभी लोग खूंटी जिले के रहने वाले हैं और रामरेखा मेला देखकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बोलेरो चालक को झपकी आने के कारण उसकी बोलेरो (संख्या JH01GC5443) सामने से आ रहे ट्रक (संख्या JH01A08223) से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के हासा गांव निवासी 40 वर्षीय शिवदत्त मांझी और हसगंज गांव निवासी अनुज की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में घायल हुए लोगों में प्रभाष कुमार, रेवा गांव निवासी अमित महतो और चंद्रू राम, जामुआदाग निवासी सुनील कुमार तथा मुरहू के बांदे गांव निवासी रंजीत महतो शामिल हैं। इनमें प्रभाष कुमार की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना पर कामडारा थानेदार शशिप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। राहत कार्य शुरू कराया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो और ट्रक को जब्त कर लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *