
पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की कि बिहार सरकार ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ के तहत स्नातक डिग्री प्राप्त बेरोजगार युवाओं को दो साल की अवधि के लिए 1,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता प्रदान करेगी. पहले यह योजना केवल इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं के लिए ही लागू थी. नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा कि मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के अंतर्गत पूर्व से संचालित ‘मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना’ का अब विस्तार किया गया है. इसके अंतर्गत, स्वयं सहायता भत्ता योजना का लाभ, जो पहले इंटरमीडिएट उत्तीर्ण युवाओं को दिया जा रहा था, अब कला, विज्ञान और वाणिज्य में उत्तीर्ण बेरोजगार स्नातक युवाओं को भी प्रदान किया जाएगा. इसके तहत 20-25 आयु वर्ग के स्नातक उत्तीर्ण युवा जो कहीं भी पढ़ाई नहीं कर रहे हैं, नौकरी/रोजगार के लिए तैयारी कर रहे हैं और उनके पास कोई स्वरोज़गार या सरकारी, निजी या गैर-सरकारी रोजगार नहीं है, उन्हें भी अधिकतम दो वर्षों के लिए 1000 रुपये प्रति माह की दर से मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता दिया जाएगा.


