
लखनऊ । यूपी की राजधानी लखनऊ में एक तीन मंजिले मकान में आग लगने से कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई है। हताहतों में ज्यादातर वीडियो एनिमेशन सेंटर हेड हूपर्स स्टूडियो के स्टाफ और स्टूडेंट्स हैं। घटनास्थल पर दोपहर से ही मौजूद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शव देखकर रोने लगे। उन्होंने कहा कि बचाव ऑपरेशन पूरा हो चुका है। सारे कमरे देख लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 14 बच्चों की मौत हुई है और 4 बच्चे जख्मी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अलीगढ़ का कार्यक्रम छोड़कर लखनऊ लौट आए हैं। योगी सीधे घटनास्थल पर पहुंचे और वहां से केजीएमयू अस्पताल गए हैं। मृतकों और घायलों को केजीएमयू ही भेजा गया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने पीएम राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की मदद का ऐलान भी किया है। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक जान बचाने के लिए कई लोग छत से जान-जोखिम में लेकर कूद गए। केजीएमयू अस्पताल के पीआरओ डॉक्टर केके सिंह ने कहा है कि 13 लोगों का शव आया है, जबकि 5 जख्मी हैं, जिनकी हालत खतरे से बाहर है। मरने वालों की संख्या और पहचान को लेकर प्रशासन के आधिकारिक बयान का इंतजार है। ज्यादातर शव दूसरे मंजिल से निकाले गए हैं, जिससे आशंका है कि मृतकों में ज्यादातर लोग एनिमेशन स्टूडियो के कर्मचारी या वो बच्चे हैं, जो स्कूलों की गर्मी छुट्टी के दौरान वीडियो गेम और एनिमेशन का काम सीख रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अलीगंज में दर्दनाक अग्निकांड की घटना का संज्ञान लिया है। योगी अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ लौट रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा घायलों को समुचित और त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासन को हर स्तर पर पूरी सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है और परिजनों को आश्वस्त किया कि सरकार हरसंभव मदद करेगी।


