
चाईबासा । पश्चिमी सिंहभूम जिला के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गयी, वहीं करीब दर्जनभर इस हादसे में जख्मी हुए हैं. कुईड़ा गांव के समीप जंगल में ट्रेलर और सवारी वाहन कमांडर जीप के बीच जोरदार टक्कर हुई. जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हाटगम्हरिया मुख्य चौक में लगने वाले सोमवार बाजार से सवारियों को लेकर कमांडर जीप माईंस करांजिया के चिनिबाई की ओर जा रही थी. इस जीप में नीचे बैठे यात्रियों के अलावा करीब आठ लोग छत पर भी बैठे थे. इसी दौरान कुईड़ा गांव के समीप सामने से आ रही ट्रेलर गाड़ी से आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए. छत पर बैठे छह लोग सड़क किनारे गिर गये जबकि दो लोग जीप के आगे की ओर जा गिरे. इस हादसे में चीनीबाई गांव के रघुनाथपुर टोला निवासी कैरा सिंकु (28 वर्ष) और रामो हाईबुरू (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल चालक चन्द्रमोहन हेम्ब्रम (42 वर्ष) को तत्काल उड़ीसा के चाम्पूआ अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया. इस दुर्घटना में गोपाल सिंकु, रघुनाथपुर निवासी जोटिया सिंकु, रघुनाथ सिंकु, जोटिया हाईबुरु, छोटा माहुलडिया निवासी संजु हेस्सा एवं उसका ढाई वर्ष का बच्चा आर्यान हेस्सा समेत कई अन्य घायल हुए हैं. इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू की. स्थानीय लोगों ने भी घायलों को गाड़ी से बाहर निकालने में मदद की. इस घटना के बाद मृतकों के गांव महालीबुरू और आसपास के इलाके में मातम पसरा हुआ है।


