भोजपुर बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 में  अवैध शराब के खिलाफ छापामारी करने गई उत्पाद विभाग की पुलिस टीम पर जानलेवा हमला हुआ. शराब माफियाओं और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर पुलिस पर पथराव और लाठी-डंडों से हमला किया. स्थिति बेकाबू होने के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक ग्रामीण की मौत हो गई. उत्पाद विभाग की टीम गुप्त सूचना के आधार पर अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची थी. छापेमारी के दौरान शराब माफियाओं और स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए उत्पाद विभाग की टीम में शामिल सैफ के एक जवान ने फायरिंग की, जिसमें एक गोली ग्रामीण सुशील यादव को लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान शाहपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 निवासी जगदीश यादव के 46 वर्षीय पुत्र सुशील यादव के रूप में हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुशील यादव शराब तस्करी में शामिल था, लेकिन स्थानीय ग्रामीण इस दावे को खारिज कर रहे हैं. मृतक के शराब तस्कर होने या न होने की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी, क्योंकि पुलिस इस मामले में स्पष्ट बयान नहीं दे रही है. घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और आक्रोशित भीड़ ने पुलिस टीम पर फिर से हमला कर दिया. उन्होंने गोली चलाने वाले सैफ जवान को बंधक बना लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. सड़क जाम और आगजनी: मृतक सुशील यादव के शव को ग्रामीणों ने सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. गुस्साए लोगों ने आगजनी की और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी. इस विरोध प्रदर्शन ने क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा दिया, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई है. घटना की सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जगदीशपुर एसडीपीओ और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रशासन इस हिंसक घटना के कारणों और परिस्थितियों की गहन छानबीन में जुट गया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके. छापेमारी के दौरान एक की मौत:जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि जानकारी मिली है कि अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की पुलिस टीम छापेमारी करने गई थी. इसी दौरान बवाल मचा और इसमें उत्पाद विभाग की टीम के द्वारा फायरिंग में एक शख्स की मौत हुई है. पुलिस इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और इसमें शामिल जो भी दोषी होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी.

“छापेमारी के दौरान बवाल मच गया, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *