
मेदिनीनगर। पलामू जिले के हुसैनाबाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतक के फूफा को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान जपला धरहरा निवासी ताबिश अंसारी के रूप में हुई है।8 जुलाई को जपला धरहारा स्थित नहर में एक शव मिला था। पुलिस की जांच में पता चला कि 6 जुलाई को आरोपी तबरेज आलम ने ताबिश को नशे का इंजेक्शन देकर बेहोश किया। फिर गमछा से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया।जांच में सामने आया कि तबरेज के साथ बुआ की शादी से ताबिश खुश नहीं था। दोनों एक ही जगह छत्तीसगढ़ में काम करते थे। ताबिश की वजह से तबरेज की नौकरी चली गई थी। इसके अलावा ताबिश पर तबरेज का 5000 रुपया भी बकाया था। इन्हीं कारणों से तबरेज ने हत्या की योजना बनाई।पुलिस ने गम्हरिया निवासी 27 वर्षीय तबरेज आलम को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से केटामाइन का खाली वायल, नीडल कैप, सिरिंज का रैपर और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एसडीपीओ एस. मो. याकुब के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने यह कार्रवाई की है।


