रांची । झारखंड में मानसून के आगमन के साथ ही मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। 19 जून को रांची सहित छह जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, राज्य के नौ जिलों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। रांची के उपायुक्त मंजू भजंत्री ने 19 और 20 जून को भारी बारिश को लेकर प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा है कि मौसम विभाग ने रांची में अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 19 जून 2025 की सुबह 8:30 से लेकर 20 जून 2025 की सुबह 8:30 बजे तक जिले में भारी बारिश की संभावना है। उपायुक्त ने संभावित प्रभावों के बारे में बताया कि परिवहन और बिजली व्यवस्था में बाधा आ सकती है। जिले के निचले क्षेत्रों में जलभराव हो सकता है, जिससे कमजोर संरचनाओं और कच्ची सड़कों को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए, लोगों को सावधानी बरतने की आवश्यकता है। बिहार-झारखंड में मानसून के प्रभाव को देखते हुए उपायुक्त ने लोगों को निचले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। उन्होंने गैर-जरूरी यात्रा से बचने और जलभराव की स्थिति में सतर्क रहने की भी अपील की है। इसके साथ ही, बिजली उपकरणों के उपयोग में सावधानी बरतने की हिदायत भी दी गई है। मौसम विभाग ने जिन जिलों में 19 और 20 जून के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, उनमें रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, कोडरमा और गिरिडीह शामिल हैं। इसके अलावा, खूंटी, धनबाद, जामताड़ा और देवघर में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। चतरा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि, सिंहभूम और पलामू प्रमंडल के क्षेत्रों में किसी प्रकार की चेतावनी नहीं दी गई है। इस दौरान, उपायुक्त ने आपात स्थिति में प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मौसम विभाग की जानकारी पर नजर रखेगा और आम लोगों को आधिकारिक सूचनाओं पर ध्यान देने की सलाह दी है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/JHqYrWnMsu2KY7RyhHU1DY

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *