
नई दिल्ली : उत्तर-पश्चिम भारत और गुजरात के कुछ हिस्सों में 15 अप्रैल से प्रचंड गर्मी और झुलसा देने वाली लू की चपेटों का दौर फिर से शुरू होने वाला है। बृहस्पतिवार से रविवार के बीच क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से मौसम सुहावना बना गया था। पश्चिमी राजस्थान और दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को ही तापमान में 2-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। हालांकि, अगले 4-5 दिन के दौरान पूर्व और उससे सटे पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गरज के साथ बिजली कड़कने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वामुनामों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 4-5 दिनों के दौरान आसामान साफ रहेगा और गर्म हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि हो सकती है। दिल्ली-एनसीआर में 15-16 अप्रैल तक अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। राजस्थान में इस दौरान पारा 45-46 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ सकता है। अगले पांच दिनों के दौरान पश्चिम भारत में भी अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री तक की वृद्धि हो सकती है। देश के बाकी हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है।विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर 14 और 15 अप्रैल को लू चलने की संभावना है। 16-19 अप्रैल के दौरान पूर्वी राजस्थान में सामान्य और अन्य क्षेत्रों में भीषण लू चल सकती है। 14 अप्रैल को तेलंगाना, 15-19 अप्रैल के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश, 15-17 अप्रैल के दौरान गुजरात, 16-18 अप्रैल के दौरान पंजाब और हरियाणा में लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और तापमान ज्यादा बना रह सकता है।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT
