आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा जरूरी : किशोर

मेदिनीनगर : वित्त, वाणिज्यकर, योजना एवं विकास व संसदीय कार्य विभाग के मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि समाज के हर वर्ग आगे बढ़े। आर्थिक रूप से कमजोर आदिवासी, अल्पसंख्यक समाज का भी उत्थान हो। इसके लिए सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासी समाज का साक्षरता दर 52% है, जो राष्ट्रीय औसत से नीचे है। ऐसे में शिक्षा सभी के लिए आवश्यक है। शिक्षित होने से आदिवासियों के बच्चे विधानसभा एवं लोकसभा के सदस्य बनेगे। इससे गर्व की अनुभूति होगी। उन्होंने हर वर्ग-समुदाय के शिक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एकजुट रहेंगे, तो आगे बढ़ेंगे। मंत्री पलामू के दुबियाखांड़ में आयोजित दो दिवसीय राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे। राजकीय आदिवासी विकास महाकुंभ मेला पलामू जिला प्रशासन व मेला आयोजन समिति के समन्वय से प्रतिवर्ष 11 एवं 12 फरवरी को आयोजित होता है। मेले में लगायें गये विभिन्न विभागों के स्टॉल के माध्यम से परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से यह मेला पलामू प्रमंडल स्तर का होगा। इसमें तीनों जिले पलामू, लातेहार व गढ़वा जिले के आदिवासी समाज भाग लेंगे, इसके लिए सरकार के स्तर पर तैयारी की जा रही है।उन्होंने कहा कि आदिवासियों की अपनी संस्कृति है। इसे बचाकर रखने की आवश्यकता है। आदिवासियों की आत्मा नदियों के किनारे बसती है। मांदर की थाप पर बसती है। प्रकृति में बसती है। आदिवासी समाज प्रकृति के धरोहर हैं। यह समाज आगे बढे़ता, तो पूरा समाज समृद्धशाली बन सकेगा। आदिवासी समाज प्रकृति/वशुंधरा का खजाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति भी आदिवासी संस्कृति, रहन-सहन से जुड़ रहे हैं।

शिक्षा से समाज में आती है जागरूकता : चमरा लिंडा

अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के माननीय मंत्री ने चमरा लिंडा ने कहा कि समाज की बेहतरी व उत्थान के लिए शिक्षा आवश्यक है। विकास के लिए समाज को एकजुट रहना भी महत्वपूर्ण है। शिक्षा से समाज में जागरूकता आती है और विकसित समाज का सपना साकार होता है। सरकार आदिवासियों सहित समाज के हर वर्ग के उत्थान की दिशा में कार्य कर रही है । राजा मेदिनीराय ने विकसित समाज निर्माण का कार्य किया। एकजुटता पर बल दिया। आदिवासी समाज भी एकजुटता में कमी नहीं आने दें। एकता व दृढ़ता के साथ रहने से अधिकार खुद मिल जायेगा। समाज को आगे बढ़ाने की सोच रखनी होगी।

मेला को भव्यता प्रदान करें : रामचंद्र सिंंह

मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने मेला को और भव्यता प्रदान करने की बातें कही। उन्होंने कहा कि मेला राज्य स्तर पर हो, और इसके माध्यम से और अधिक लोगों को लाभान्वित किया जाए।

चेरो राजवंश का याद दिलाता है आदिवासी मेला : त्रिपाठी

पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी ने कहा कि दो दशकों से लगातार मेला का आयोजन होता है, जो चेरो राजवंश को याद दिलाता है। राजा मेदिनीराय की याद में आयोजित इस मेले में सरकार के विभागों के स्टॉल लगाये जाते हैं। योजनाओं से लोगों को लाभान्वित किया जाता है। मेला के माध्यम से योजना के बारे में जानकारी मिलती है। यहां मंईया सम्मान योजना संचालित है, जिसे दूसरे राज्य भी अपना रहे हैं। उन्होंने जल संग्रहण के दिशा में ध्यान आकृष्ट कराया। कहा कि पानी जो बहकर दूसरे राज्यों में चला जाता है, उसे संग्रहण करने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में नगर आयुक्त जावेद हुसैन, वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार, उप विकास आयुक्त शब्बीर अहमद, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीना आदि उपस्थित थे। मेला को सफल बनाने में जिला कल्याण-सह-जिला खेल पदाधिकारी सेवा राम साहु, नजारत उप समाहर्ता विक्रम आनंद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान का अहम योगदान रहा।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Oplus_0

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *