
साहिबगंज। शहर के समलापुर मुहल्ले एक बंद घर में भीषण चोरी की घटना हुई है। मकान से चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपए नकद, दो एलईडी टीवी, एक लैपटॉप, एक सिलेंडर, करीब 15 लाख रुपए के आभूषण चोरी कर ली है। घटना की सूचना पाकर मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी पंकज दूबे ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। दरअसल, मकान के मालिक सुधांशु शेखर उपाध्याय गढ़वा में झारखंड ग्रामीण बैंक में ब्रांच मैनेजर हैं। जबकि उनकी पत्नी नेहा नीरज गोड्डा में एलआईसी ब्रांच मैनेजर हैं। नेहा नीरज परिवार के साथ गोड्डा में ही रहती हैं। बीते शुक्रवार की देर शाम नेहा नीरज का ड्राइवर मनिहारी निवासी शेख कासिम गोड्डा से यहां घर पर आया तो देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर ड्राइवर ने तुरंत इसकी सूचना नेहा नीरज को दी। इसपर नेहा ने ड्राइवर को पीछे गेट को देखने कहा तो ड्राइवर पीछे गेट पर गया। जहां पीछे का गेट बाहर से बंद था। उसे खोलकर अंदर जाने पर देखा कि घर के सभी कमरे में सामान बिखरा पड़ा है। अलमारी का लॉकर को भी तोड़ दिया गया था। वहीं सूचना पाकर शनिवार को गोड्डा से नेहा नीरज पहुंची। वहीं चोरी हुई सामान का आंकलन किया जा रहा है। अनुमानित 20 लाख की संपत्ति चोरी होने की बात कही जा रही है। इधर, मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार कुशवाहा ने बताया कि जिरवाबाड़ी थाना पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/JFw1xz8Rrz33p6cdtYJXaT

