Wednesday, July 3, 2024

प्रभात मंत्र

Breaking News

झारखंड भाजपा को नहीं मिल पाया दीपक का प्रकाश

26 Feb 2023


• रविन्द्र उपाध्याय-संपादक @ प्रभात मंत्र

रांची : झारखंड राज्य में भाजपा अपना दबदबा बरकरार रखने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। यही कारण है कि यहां के भाजपाई हमेशा सीएम हेमंत सोरेन पर हमलावर रहते हैं। बावजूद इसके, हेमंत सोरेन भाजपा पर हमेशा बढ़त बनाए हुए हैं। हेमंत सोरेन अकेले अपने दम पर दिल्ली से लेकर रांची तक के भाजपाइयों पर अभी तक भारी रहे हैं। यहां हेमंत को पटकनी देने की पूरी कोशिश में भाजपा है। यही कारण है कि राज्य में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा झारखंड में हो रहा है। भाजपा के बड़े नेता रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी और दीपक प्रकाश भी हमेशा हेमंत सोरेन पर हमलावर रहते हैं। बावजूद इसके 2019-20 के बाद से लेकर अभी तक यहां भाजपा कोई कारनामा या चमत्कार नहीं कर पाया है। हेमंत को सीएम बनने के बाद राज्य में 4 उपचुनाव हुए। इन सभी उपचुनाव में हेमंत ने भाजपा को कड़े संघर्ष में शिकस्त दी। पांचवा उपचुनाव रामगढ़ में हो रहा है। भाजपा के मुखिया दीपक प्रकाश राज्य के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद 3 वर्षों तक कोई खास कारनामा नहीं कर पाए हैं। यहां दीपक प्रकाश तो क्या भाजपा का पूरा कुनबा मोदी के नाम पर अपनी राजनीति चमका रहा है। इनमें व्यक्तिगत रूप से कोई दम नहीं है कि वे अपना जलवा बिखेर सकें। अभी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बारे में चर्चाओं का बाजार गर्म है। चर्चा है कि प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश बदले जाएंगे। चर्चा यह भी है कि 2024 तक प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ही रहेंगे। इन चर्चाओं में कितना दम है, यह तो आने वाला समय ही बताएगा। लेकिन इतना तो सत्य है कि इन 3 वर्षों के दौरान दीपक से भाजपा को कोई प्रकाश नहीं मिल पाया।