Wednesday, July 3, 2024

प्रभात मंत्र

Breaking News

हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने युवक की गला रेत कर की हत्या

06 Feb 2023


गढ़वा : डंडा थाना क्षेत्र के भिखही गांव के नन्हकू चौधरी 40 वर्ष पिता शुकदेव चौधरी की अज्ञात अपराधियों ने गला रेत कर हत्या कर दी। घटना रविवार की रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। सोमवार की सुबह नन्हकू चौधरी का शव भिखही गांव से करीब दो किमी दूर गढ़वा व पलामू जिले की सीमावर्ती क्षेत्र पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के वरवाही व लकड़ही गांव के बीच परसवनी स्थित झाड़ियों में मिला। जानकारी के अनुसार नन्हकू चौधरी ओझागुनी का काम करता था। रात में करीब 14-15 की संख्या में हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने नन्हकू चौधरी के घर का दरवाजा खुलवाया। मृतक के स्वजनों के अनुसार अपराधियों के पास पिस्तौल व राइफल जैसे अग्नेयास्त्रों के साथ फरसा जैसे पारंपरिक हथियार भी थे। अपराधियों ने नन्हकू चौधरी को पकड़ कर सीने से पिस्तौल सटा कर हनुमानी पाई की मांग करने लगे। इस दौरान घर में मौजूद नन्हकू चौधरी की पत्नी दुखनी देवी, पुत्री सोनम देवी व पतोहू ममता देवी को भी अपराधियों ने अपने कब्जे में लेकर एक तरफ खड़ा कर दिया। इसके पश्चात नन्हकू चौधरी को पकड़कर अपने साथ ले गए।

समय पर पुलिस कार्रवाई करती तो नहीं होती हत्या

बताया गया कि कुछ अपराधी नन्हकू चौधरी को पकड़कर ले गए। लेकिन तीन-चार की संख्या में अपराधी नन्हकू चौधरी के घर की महिलाओं पर निगरानी के लिए करीब आधा घंटा तक वहीं रुके रहे और महिलाओं को शोर मचाने से भी रोके रखा। अपराधियों के घर से जाने के बाद महिलाओं के शोर मचाने पर रात में ही गांव वाले वहां पहुंचे। लोगों ने मोबाइल फोन के जरिए डंडा थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। रात करीब 12 बजे डंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस ने नन्हकू चौधरी की तलाश करने की बात कहकर वहां से वापस लौट गई। जबकि सोमवार की सुबह में शौच के लिए निकले लोगों ने वरवाही व लकड़ही की सीमा स्थित परसवनी में शव को देखा। जिसकी पहचान नन्हकू चौधरी के शव के रुप में हुई।