Wednesday, July 3, 2024

प्रभात मंत्र

Breaking News

शराबी पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या, गिरफ्तार

15 Jan 2023


मक़सूद आलम@प्रभात मन्त्र

पाकुड़- मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कालिदासपुर पंचायत अंतर्गत मांझीटोला में रविवार की शाम करीब 7:00 बजे शराबी पति ने पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक मांझीटोला निवासी पुनि मरांडी अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा झंझट करते रहता था। परिवार के साथ मारपीट और गाली गलौज पर उतर आते थे‌। पति के इन हरकतों से परिवार के सारे लोग परेशान थे। अक्सर शराब पीने से मना करने पर झगड़ा झंझट होती रहती थी। घटना की शाम को भी पति पुनि मरांडी नशे में धुत होकर घर आया। इसी बीच पत्नी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पति पत्नी में कहासुनी के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान शराबी पति ने पत्नी हुलूर मुर्मू के सर पर पत्थर से वार कर दिया। जिससे बुरी तरह घायल हुलुर मुर्मू वहीं पर गिर पड़ी। उसके सर से खून बहने लगा। आसपास के लोग हल्ला सुनकर घर पहुंचे। लोगों ने देखा कि हुलुर मुर्मू घर में गिरी पड़ी है। किसी तरह की गतिविधियां उनके शरीर में नहीं है। लोगों को अंदेशा हो गया कि उसकी मौत हो चुकी है। लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। थाना प्रभारी मिंटू भारती सूचना मिलते ही दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह भी जानकारी मिली कि हत्या के बाद गिरफ्तार किए गए पुनि मरांडी शराब के नशे में धुत था। जिस वजह से हत्या की घटना के बाबत पूछे जाने के बावजूद कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर थाना लाया। वहीं हुलुर मुर्मू के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया। घटना बेहद ही मर्माहत कर देने वाली थी। पुलिस इस घटना की गहराई से छानबीन कर रही है। फिलवक्त आरोपी पति पुलिस के गिरफ्त में है।