Wednesday, July 3, 2024

प्रभात मंत्र

Breaking News

पुलिस टीम की छापेमारी में मिला अवैध लॉटरी का जखीरा, माफिया फरार, लाखों की लॉटरी जब्त

07 Dec 2022


मक़सूद/कासिम@प्रभात मन्त्र

पाकुड़-नगर पुलिस ने हरिणडांगा बाजार स्थित एक घर में मंगलवार की रात छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध एटीएम लॉटरी बरामद किया है। जिसे जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। थाना में प्रेसवार्ता आयोजित कर पूरे मामले की जानकारी देते हुए इंस्पेक्टर सह प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि इकलाख अंसारी के घर में लाखों के अवैध लॉटरी होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर सत्यापन के लिए छापेमारी टीम बनाया गया था। जिसमें महिला पुलिस बल को भी शामिल किया गया। पुलिस टीम इकलाख अंसारी के घर में छापेमारी कर अनुमानित 05 लाख कीमत की लॉटरी को जब्त किया गया है। वहीं इकलाख अंसारी भागने में सफल रहा। इस मामले में अंसारी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि लॉटरी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जा रहा है। लॉटरी कहां से लाया गया और कैसे पहुंचा, इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस सभी का पता लगा रही है। इसमें जो भी संलिप्त पाए जाएंगे, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। अवैध लॉटरी के धंधे में शामिल लोगों को चिन्हित किया जा रहा है। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।


जिला का नाम बदनाम कर रहा अवैध लॉटरी के धंधेबाज---

अवैध लॉटरी का धंधा काफी पुराना है। धंधेबाज जिला का नाम बदनाम करा रहा है। जिला मुख्यालय ही नहीं प्रखंड का इलाका भी लॉटरी के धंधे को लेकर बदनाम है। इस धंधे में जुड़े लोगों के खिलाफ बीच-बीच में कार्रवाई भी होती है। लेकिन अवैध धंधे से मोटी कमाई का लालसा धंधे बाजों के दिलों दिमाग से उतरती नहीं है। शहर की बात करें तो बरसों पुरानी इस धंधे में जुड़े कई लोग जेल की हवा खा चुके हैं। पूर्णेन्दु और रामजी जैसे लोग अवैध लॉटरी बेचने के आरोप में कानूनी कार्रवाई झेल चुके हैं। कई और लोग भी जेल जा चुके हैं। लेकिन अवैध लॉटरी का धंधा कभी भी पूरी तरह बंद नहीं हुआ। आज भी यह धंधा जारी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद कुछ दिनों के लिए धंधे में आंशिक विराम जरूर लगता है। लेकिन जैसे जैसे माहौल शांत होता है, धंधा फिर से चल पड़ता है। यह धंधा अब ग्रामीण इलाकों में भी धड़ल्ले से फैल रहा है। नगरनबी, नसीपुर, चेंगाडांगा, झिकरहटी, देवतल्ला सहित कई गांव में लॉटरी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है। प्रखंड की बात करें तो महेशपुर थाना क्षेत्र का कई ग्रामीण इलाका अवैध लॉटरी को लेकर बदनाम रहा है। पाकुड़िया, अमड़ापाड़ा आदि प्रखंड में भी अवैध लॉटरी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है।


अब रॉक स्टार पर पुलिस की नजर---

इकलाख अंसारी के बाद अब पुलिस की नजर शहर के अन्य चर्चित लॉटरी के धंधेबाजों पर टिकी है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस शहर के गली मुहल्लों में नजर बनाई हुई है। वहीं हरिणडांगा बाजार के रहने वाले अवैध लॉटरी के एक रॉक स्टार की चर्चा जोरों पर है। इस रॉक स्टार की गतिविधियों पर निगाहें टिकी है।