रांची । राज्य में फिलहाल ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। पांच फरवरी से बारिश की संभावना है। सुबह-शाम होने वाले कोहरे से भी अभी राहत नहीं मिलने वाली है। रांची में शनिवार को सुबह से मौसम साफ रहा। धूप भी खिली रही लेकिन हवा की रफ्तार ठंड महसूस करा रही थी। इस संबंध में रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले समय में एक बार फिर से मौसम बदलाव होगा। पांच से सात फरवरी के बीच राज्य में बारिश होगी। इस दौरान राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखा जायेगा, जिससे राज्य के दक्षिणी, मध्य और उत्तर पूर्वी भागों में बारिश की संभावना है। बारिश के साथ उत्तरी हिस्से में गर्जन की भी संभावना है। इसमें देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, पाकुड़, गोड्डा जिले में बारिश की संभावना है जबकि छह फरवरी को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में बारिश की संभावना है। इसमें सरायकेला खरसावां, सिमडेगा, जमशेदपुर, चाईबासा, रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, खूंटी जिले में बारिश की संभावना है। सात फरवरी को राज्य में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। कोहरा का असर भी देखा जायेगा। चार फरवरी को राज्य का मौसम खुला रहेगा। दस फरवरी तक सुबह और शाम के वक्त कोहरा या धुंध का असर देखा जायेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की वृद्धि होगी। सात फरवरी के बाद न्यूनतम तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *