झारखंड के बोकारो में चास महिला थाने से फरार चोरी की आरोपी महिला को गिरफ्तार करने के दौरान पुलिस की संवेदनहीनता उजागर हुई है। महिला पुलिसकर्मियों ने आरोपी महिला के पैर बांध दिए और रस्सी के सहारे जानवरों की तरह टांगकर थाने ले गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि तीन महिला कॉन्स्टेबल कैसे महिला को रस्सी के सहारे टांगकर ले जा रही हैं। इसी दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। 

क्या है मामला 
जानकारी के मुताबिक, सेक्टर 4 थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी के आरोप में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया था। इसी दौरान आरोपी महिला पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गई। पुलिस की गिरफ्त से चोरी की आरोपी महिला के फरार होने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस की टीम महिला को तलाश कर रही थी। इसी दौरान आरोपी महिला पकड़ी गई। जिसके बाद महिला पुलिस की जवानों ने उसके पैर को रस्सी से बांध दिया और जानवरों की तरह उठाकर थाने ले गईं।

तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
यह वीडियो वायरल होने के बाद चास एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने तीन पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया। इसमें एएसआई प्रोमिला मरांडी, व सुमेरी हेंब्रम और सिपाही रिंकी कुमारी शामिल है। तीनों को पुलिस लाइन से अटैच कर दिया गया है। एसडीपीओ ने कहा कि इन तीनों ने महिला के साथ अमानवीय व्यवहार किया है। इस लिए इनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। बताते की घटना शुक्रवार की है। शनिवार को उसे महिला को न्याय हिरासत में जेल भेज  दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *