आगरा । आगरा जिले के सैंया थाना क्षेत्र में आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में धौलपुर निवासी कार ड्राइवर रिंकू (33) समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 7:30 बजे कुणाल कॉलेज के पास हुआ, जब एक कार का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर दूसरी लेन में चली गई और सामने से आ रही कार से टकरा गई। पुलिस के अनुसार धौलपुर से आगरा के कुबेरपुर क्षेत्र में बीएससी की परीक्षा देने जा रहे छात्रों की कार में सुमित, साहब, मनमोहन, राहुल, जितेंद्र, रोहित, अभिषेक और ड्राइवर रिंकू सवार थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर रिंकू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार अन्य सभी लोग घायल हो गए। दूसरी कार में दतिया निवासी उर्मिला, राखी, शिव, मनीष, राघव, मीना, सुमित और विवेक तिवारी सवार थे। हादसे में विवेक तिवारी और मीना की भी मौत हो गई। कार में मौजूद अन्य यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सैंया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए आगरा-ग्वालियर हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *