लातेहार : जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेतर गांव में पशु चोरी के प्रयास के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने पशु चोरों द्वारा छोड़ी गई एक बाइक को आग के हवाले कर दिया, जिससे वह पूरी तरह जलकर खाक हो गई।जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात दो बाइक पर सवार कुछ युवक गांव में पशु चोरी की नीयत से पहुंचे थे। बताया जाता है कि चोर दो बकरियों को लेकर भागने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने एकजुट होकर चोरों का पीछा शुरू कर दिया।ग्रामीणों से चारों ओर घिरता देख पशु चोर अपनी एक बाइक मौके पर छोड़कर दूसरी बाइक से फरार होने में सफल रहे। घटना से नाराज ग्रामीणों ने छोड़ी गई बाइक में आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जल गई।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से पशु चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस से पशु चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।इधर घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।चंदवा थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना सोमवार देर रात लगभग एक बजे की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।

Oplus_131072

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *