पलामू । जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके में जमीन विवाद में दबंगों ने फायरिंग कर दी. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कई इलाकों में छापेमारी कर रही है. दरअसल, चैनपुर थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके में एक विधवा महिला घर बना रही थी. घर की जमीन को लेकर गांव के ही मंटू सिंह और एक अन्य व्यक्ति से विवाद चल रहा था. निर्माण के दौरान मंटू सिंह और अन्य लोगों ने हस्तक्षेप कर काम रोक दिया. जिसके बाद विधवा महिला के गोतिया और अन्य लोग इकट्ठा हुए और दबंगों का विरोध किया. बाद में दूसरे पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और लोगों पर फायरिंग कर दी. दबंगों ने राइफल और पिस्टल से फायरिंग की. इस घटना में सिकंदर चौधरी, मधु चौधरी, संजय चौधरी और यशवंत कुमार को गोली लगी. सभी को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने सिकंदर चौधरी को मृत घोषित कर दिया. एसडीपीओ राजेश यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है. इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. विधायक आलोक चौरसिया ने कहा कि दबंगों ने जमीन कब्जा करने की कोशिश की है. पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करे. ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जा सकतीं. प्रशासन को सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है‌।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *