
रांची । झारखंड में लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी सरकारी कार्यालयों के बाहर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने शनिवार को राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, सीओ, बीडीओ, पंचायत प्रतिनिधियों एवं सभी सरकारी कार्यालयों को निर्देश देते हुए कहा कि वे अपने कार्यालयों के बाहर एवं सार्वजनिक स्थलों पर आम जनों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करें, ताकि राहगीरों और आम लोगों को राहत मिल सके। साथ ही सभी उपायुक्त यह सुनिश्चित करें कि जहां कहीं भी जल संकट की स्थिति हो, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति, चापाकलों की मरम्मत एवं अन्य वैकल्पिक व्यवस्थाएँ की जाएं। किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो – यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करे।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।
https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz


