गुमला । झारखंड के गुमला जिले में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों दोस्त थे और एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर लौट रहे थे। टक्कर इतनी भयावह थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दो टुकड़े में बंटी गई। वहीं, तीनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार की रात करीब 11 बजे की है। डुमरी थाना क्षेत्र के उजड़ा गांव के निवासी तीन युवक आर्यन टोप्पो (पिता कुलदीप टोप्पो), संजीत केरकेट्टा (पिता स्व. घुमेश्वर केरकेट्टा), और अक्षय केरकेट्टा (पिता जितेंद्र केरकेट्टा) एक ही बाइक पर सवार होकर चैनपुर से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान थाना डड़गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित एक विशाल आम के पेड़ से सीधे जा टकराई। रात का वक्त होने के कारण हादसे के बाद तीनों के शव घंटों तक घटनास्थल पर ही पड़े रहे। घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। इस हादसे के बाद उजड़ा गांव और मृतकों के परिजनों के बीच कोहराम मच गया है। संजीत केरकेट्टा की मां बिमला केरकेट्टा ने रोते हुए बताया कि तीनों युवक घर से पुटरूगी गांव जाने की बात कहकर साथ निकले थे। पुलिस ने इस संदर्भ में अस्वाभाविक मौत (यूडी केस) का मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत तकनीकी जांच कर रही है।

हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए नीचे लिंक पर क्लिक करें।

https://chat.whatsapp.com/LnzXi8cnQGtKJUUT78UqXz

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *