धनबाद धनबाद जिला स्थित पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत उकमा पंचायत के कोरैया गांव में शुक्रवार की मध्यरात्रि एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मिट्टी के घर में मां के साथ जमीन पर सो रहे दो सगे मासूम भाई-बहन की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई. इस दोहरे वज्रपात से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है. हैरान करने वाली बात यह रही कि इस जहरीले सांप को किसी ने आते-जाते या घर के आसपास भी नहीं देखा. घटना के संबंध में बताया जाता है कि कोरैया गांव निवासी आदिवासी महिला सितोली सोरेन अपने तीन बच्चों के साथ खपरैल के घर में सोई हुई थी. बड़ा बेटा महावीर सोरेन (12) खटिया पर था, जबकि मां अपने दोनों छोटे बच्चों- महिमा सोरेन उर्फ माही (7) और रितेश सोरेन (3) के साथ जमीन पर चटाई बिछाकर सोई हुई थी. आधी रात को लगभग 12 बजे अचानक दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. उन्हें पेट में तेज दर्द और भारी बुखार आ गया. मां ने घबराकर बगल के कमरे में सो रहे वृद्ध सास-ससुर को जगाया. देखते ही देखते दोनों मासूमों के मुंह से झाग निकलने लगा. शोर सुनकर आसपास के पड़ोसी भी जुट गए. परिजनों ने अपने स्तर से करीब 3-4 घंटे तक बच्चों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ती चली गई. सुबह करीब 5 बजे परिजन दोनों मूर्छित बच्चों को लेकर एस एन एम एमसीएच (SNMMCH), धनबाद भागे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. मृतक बच्चों के पिता सोमलाल सोरेन तमिलनाडु में मजदूरी करते हैं, जिन्हें इस हादसे की सूचना दे दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *