
कोलकाता । पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है और शपथ ग्रहण की तारीख भी तय हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्य अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने बताया है कि राज्य के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को आयोजित किया जाएगा। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा, ”पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह 9 मई को होगा।” बीजेपी अध्यक्ष ने बताया कि 9 मई को रवींद्र नाथ टैगोर की जयंती है। बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पार्टी किसे मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपती है। पार्टी नेतृत्व और विधायकों के बीच बैठकों का दौर जारी है जिसमें नए नेता का चयन किया जाएगा। समिक भट्टाचार्य ने बंगाल में तोड़फोड़ की घटनाओं पर कहा, ”कुछ जगहों पर लोगों ने बीजेपी का झंडा लेकर तोड़फोड़ की। हम इसकी निंदा करते हैं। हम साफ करना चाहते हैं कि अगर कोई ऐसा करता है तो हमें उसे पार्टी से बाहर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। पश्चिम बंगाल को लेकर पूरे देश में जश्न मनाया गया। अब हमारे सामने बहुत बड़ी चुनौतियां हैं। हम उनके साथ आगे बढ़ रहे हैं। हम अपने कार्यकर्ताओं से कहना चाहते हैं कि शांत रहें और किसी की भावनाओं को आहत न करें।


