
चतरा । चतरा पुलिस मादक पदार्थ और तस्करी के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में लावालौंग पुलिस ने अवैध डोडा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की टीम ने काररवाई करते हुए लावालौंग बगरा रोड से करीब 252 किलोग्राम डोडा बरामद किया है। बोलेरो चालक पुलिस को देख जंगल में गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सिमरिया एसडीपीओ आईपीएस शुभम नागरगोजे भाऊसाहब ने अनुमंडल पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि 2 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि लावालौंग से बगरा रूट पर बोलेरो से अवैध डोडा ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए मेरे नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। गठित दल ने लावालौंग बगरा रोड पर चेकिंग लगाई गई। उन्होंने बताया कि लावालौंग की तरफ से आ रही बोलेरो तेज रफ्तार से भागने लगी। पीछा करने पर चालक चार फेड़ी महुआ के पास जंगल में बोलेरो जेएच-03 एल-6130 खड़ी कर फरार हो गया। एसडीपीओ श्री नागरगोजे ने बताया कि तलाशी के दौरान बोलेरो से 13 बोरियों में 252 किलोग्राम डोडा बरामद किया गया और पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है। इस संबंध में लावालौंग थाना कांड सं0-28/2026, धारा-15सी/18बी एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसडीपीओ सिमरिया शुभम भाउसाहब नागरगोजे ने कहा, “चतरा जिले में मादक पदार्थों की तस्करी किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। हम इस तस्करी के पूरे नेटवर्क की बैकवर्ड- फॉरवर्ड लिंकेज जांच रहे हैं कि डोडा कहां से आया और कहां सप्लाई होना था। जिले में नशे के कारोबार पर जीरो टॉलरेंस की नीति है।


