गिरिडीह । गिरिडीह के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में शनिवार की शाम गोलगप्पा और चाट खाने से कई लोगों की हालत बिगड़ गई। इनमें एक महिला और एक पुरूष को छोड़ बाकी सभी बच्चे हैं। एक बच्चे की मौत हो चुकी है। मृतक रिंकू देवी का छह वर्षीय पुत्र रंजन कुमार वर्मा है। शेष सभी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। सदर अस्पताल के डॉक्टर के अनुसार बीमार लोगों की हालत खतरे से बाहर है। डॉक्टर ने फूड प्वाइजनिंग से सभी की तबीयत खराब होने की आशंका जतायी है। चिकित्सक सभी बीमार लोगों पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं। जानकारी के अनुसार शनिवार की शाम गांव में गुपचुप एवं चाट बेचने वाला आया था। वह प्रायः गुपचुप एवं चाट बेचने गांव आता रहता था और मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही पालमो का रहने वाला है। उसी से गांव के कई बच्चों एवं बड़ों ने गुपचुप और चाट खाया था। जिन लोगों ने भी गुपचुप और चाट खाया था, रविवार की सुबह होते-होते उन सभी को तेज बुखार, पेट में असहनीय दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हो गई। शाम होते-होते स्थिति और काफी खराब होने लगी। एक बच्चे की मौत हो गयी। आनन-फानन में लोग बीमार बच्चों को लेकर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचे। डीसी रामनिवास यादव स्वयं पूरे मामले पर नजर रख रहे हैं। रात में ही डीसी कई अधिकारियों के साथ बजटो गांव पहुंचे और पूरी स्थिति का जायजा लिया। बीमार होने वाले बच्चे एवं अन्यसदर अस्पताल में 9 वर्षीय प्रिंस, 16 वर्षीय सुजीत कुमार, 30 वर्षीया रिंकी देवी, 17 वर्षीया मधु वर्मा व 35 वर्षीय बलराम प्रसाद वर्मा, 12 वर्षीय कुमार बादल, 13 वर्षीया जागृती कुमारी, 2 वर्षीय हितेश कुमार, 6 वर्षीया साक्षी कुमारी, 13 वर्षीया मनिता कुमारी, 13 वर्षीय दिवाकर कुमार वर्मा, 6 वर्षीया संध्या कुमारी, 8 वर्षीय रानी कुमारी, 11 वर्षीय रिया कुमारी, 5 वर्षीय रंजन कुमार एवं 22 वर्षीया रेखा कुमारी शामिल हैं। ये सभी सदर अस्पताल में भर्ती हैं। बीमार बच्चों में कई एक ही परिवार के हैं। गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन ने कहा कि गिरिडीह में हुई खाद्य विषाक्तता की घटना बेहद दुखद है। हम इस दुःख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। जिला प्रशासन को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, भोजन की समुचित जांच (फूड ऑडिट) सुनिश्चित करने और अस्पताल में भर्ती सभी लोगों की बेहतर देखभाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *