
रांची। झारखंड में अप्रैल महीने में कई जिलों में पारा 40 डिग्री के पार चला गया है. अप्रैल महीने में ही रांची का पारा 40 डिग्री से पार कर गया है, जबकि मेदिनीनगर का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है. सोमवार को रांची का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और बोकारो का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. झारखंड में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में रिकॉर्ड किया गया. जहां एक ओर अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है, वहीं कुछ इलाकों में हल्की बारिश से राहत मिली है. सिमडेगा में सोमवार को 8 मिमी बारिश दर्ज की गई. खूंटी में भी छिटपुट बारिश हुई. बारिश के कारण यहां के लोगों को थोड़ी राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 अप्रैल को राजधानी रांची बोकारो, धनबाद सहित कई इलाकों में लू चलेगी. इसे देखते हुए इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले तीन दिनों तक गर्मी से राहत की उम्मीद नहीं है. 23-24 को तापमान में दो से तीन डिग्री की और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 अप्रैल से राज्य के कुछ हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. लोहरदगा का तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस, लातेहार में 34.3 डिग्री सेल्सियस, खूंटी में 37.2 डिग्री सेल्सियस और पाकुड़ में 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं हजारीबाग में 39.7 डिग्री सेल्सियस, सिमडेगा में 36.0 डिग्री सेल्सियस, देवघर में 41.1 डिग्री सेल्सियस और कोडरमा में 40.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. इसके अलावा गोड्डा में 37.1 डिग्री सेल्सियस, गुमला में 39.0 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम में 41.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।


