
लोहरदगा । रांची-लोहरदग टोरी रेलखंड पर शनिवार से ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह सामान्य हो गया।इस बहुप्रतीक्षित बहाली के साथ पहली यात्री ट्रेन रांची-लोहरदगा-टोरी पैसेंजर सुबह 5:15 बजे रांची से रवाना हुई।शुक्रवार को इस रेललाइन पर लाइट इंजन का सफल परिचालन कर ट्रैक की जांच की गई।रांची-लोहरदगा-टोरी खंड के नागजुआ और लोहरदगा स्टेशन के बीच कोयल नदी पर स्थित रेलवे पुल संख्या 115 क्षतिग्रस्त हो गया था,जिसके कारण मरम्मत कार्य चल रहा था।इस दौरान इरगांव से लोहरदगा के बीच ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया था।मरम्मत कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया गया था।नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस को टोरी-लोहरदगा-रांची के बजाय टोरी-बरकाकाना-मेसरा-टाटीसिलवे-रांची मार्ग से चलाया जा रहा था।इसके अलावा रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस,रांची-चोपन-रांची एक्सप्रेस, सासाराम-रांची-सासाराम एक्सप्रेस तथा अजमेर-सांतरागाछी-अजमेर एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से संचालित हो रही थीं।अब पुल की मरम्मत और ट्रायल सफल होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पुनः सामान्य कर दिया गया है,जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।


