
पलामू । प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के रेडमा इलाके में शुक्रवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर लोग हैरान रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र के चनेया गांव निवासी सौरव कुमार के रूप में हुई है। शव मिलने की खबर फैलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के मुताबिक सौरव गुरुवार को रांची से अपनी बहन के घर मेदिनीनगर के रेडमा आया था। उस समय बहन के घर के सदस्य किसी रिश्तेदार के यहां गए हुए थे। बाद में सौरव अपने बहन के रिश्तेदार के घर पहुंचा और सभी के साथ वापस लौट रहा था। परिजनों के अनुसार लौटते वक्त सौरव को अचानक उल्टी होने लगी थी। इसके बाद उसके बहनोई उसे घर छोड़ने गए और वापस लेने पहुंचे, लेकिन वह वहां नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। शुक्रवार को रेडमा इलाके में सौरव का शव बरामद हुआ। शव की स्थिति संदिग्ध बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने नशे की बात कही है। पुलिस के अनुसार सौरव नशा करने का आदी था और प्रारंभिक तौर पर परिजन इसे उसी से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पुलिस ने साफ कहा है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


