
पलामू । पलामू जिले के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। पलामू–रांची–नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12877/12878) के मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर ठहराव को लेकर रेलवे की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है। यह सुविधा 23 जनवरी 2026 से शुरू होने जा रही है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस अवसर पर पलामू के सांसद विष्णु दयाल कल रात 10 बजे मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में गरीब रथ एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर ठहराव का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। सांसद विष्णु दयाल राम ने हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सफल बनाएं। उन्होंने विशेष रूप से मोहम्मदगंज, हैदरनगर, उटारी रोड और कांडी प्रखंड की जनता से इसमें सहभागिता की अपील की है। सांसद ने कहा कि रांची–नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लाखों यात्रियों के लिए जीवनरेखा की तरह है। इस ट्रेन से प्रतिदिन छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी, मरीज और आम यात्री दिल्ली सहित अन्य महानगरों की यात्रा करते हैं। उन्होंने बताया कि मोहम्मदगंज रेलवे स्टेशन पलामू संसदीय क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां गरीब रथ एक्सप्रेस के ठहराव से न केवल मोहम्मदगंज, बल्कि हैदरनगर, उटारी रोड और कांडी प्रखंड के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा बिहार सीमा से सटे कई गांवों के यात्रियों के लिए भी सफर पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक हो जाएगा।


