
रांची । झारखंड में सक्रिय कुख्यात राहुल दुबे गैंग झारखंड पुलिस के लिए लगातार सिरदर्द बना हुआ है। गैंग से जुड़े कई अपराधियों की गिरफ्तारी के बावजूद रंगदारी और धमकी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला राजधानी रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक बिल्डर से राहुल दुबे गैंग का नाम लेकर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। अरगोड़ा थाना क्षेत्र निवासी बिल्डर राफे कमाल ने इस संबंध में थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। FIR के अनुसार, पंडरा स्थित उनकी जमीन को लेकर कुछ लोग लगातार दबाव बना रहे थे और जान से मारने की धमकी दे रहे थे। आरोपियों में तौसिफ, नईम, बादशाह और आसिफ के नाम शामिल हैं। बिल्डर ने चारों के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी है। पीड़ित ने बताया कि बीते 6 जनवरी को जब वह अपनी पंडरा स्थित जमीन पर पहुंचे, तो वहां मौजूद लोगों ने खुद को राहुल दुबे गैंग और अमन साहु गैंग से जुड़ा बताया और जमीन पर किसी भी तरह का काम करने से रोक दिया। आरोप है कि जमीन नहीं छोड़ने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। FIR में यह भी उल्लेख है कि उसी दिन शाम को बिल्डर के मोबाइल नंबर पर अज्ञात नंबर से एक मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को राहुल दुबे गैंग का प्रकाश शुक्ला बताते हुए 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे नहीं देने पर जमीन में दफन करने की धमकी दी। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। 17 जनवरी को आरोपियों ने बिल्डर के भाई की रेकी करते हुए वीडियो बनाया और उसे भेज दिया, जिससे पूरा परिवार सहम गया। लगातार मिल रही धमकियों से डरे बिल्डर ने अरगोड़ा थाना पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की मांग की। इस मामले में अरगोड़ा पुलिस ने कांड संख्या 22/2025 दर्ज की है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 111(2), 111(31), 111(51) और 308(A) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कॉल और मैसेज भेजने वाले नंबर की तकनीकी जांच की जा रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राहुल दुबे गैंग के नाम पर राजधानी रांची सहित झारखंड के कई जिलों में रंगदारी की घटनाएं सामने आई हैं। इस ताजा घटना के बाद बिल्डर का परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है।


